-वीडीए ने 25 अप्रैल को वेबसाइट पर एक्प्रेशन ऑफ इन्टरेस्ट आमंत्रित किया था
वाराणसी, 17 मई (हि.स.)। गंगा के किनारे (रामनगर की ओर) बनायी जाने वाली टेंट सिटी के लिए पांच कंपनियों ने रूचि दिखाई है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नगर में विदेशी/स्थानीय पर्यटकों के ठहरने के स्थानों में कमी देख इसके दूर करने के लिए टेंट सिटी की परिकल्पना की है। टेंट सिटी मानसून के उपरान्त माह नवम्बर से माह फरवरी के मध्य संचालित किये जाने की योजना है।
इस टेंट सिटी में ठहरने के लिए स्वीट / कॉटेजेस (टेंटेज एकोमोडेशन) गेमिंग जोन, रेस्टूरेंट, डायनिंग एरिया, कान्फ्रेंस स्पॉ, योगा केन्द्र, लॉइब्रेरी एवं आर्ट गैलरी के अतिरिक्त वॉटर स्पोर्टस, कैमल/हार्स राइडिंग के साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधि भी होगी। इस परियोजना के लिए प्राधिकरण ने 25 अप्रैल को अपने वेबसाइट के माध्यम से एक्प्रेशन ऑफ इन्टरेस्ट आमंत्रित किया था। जिसमें मेसर्स लल्लूजी एंड संस, अहमदाबाद गुजरात, इयाक वेंचर्स प्रा. , अहमदाबाद, गुजरात,मे. प्रेवेज कम्यूनिकेशंस (इंडिया) लि., अहमदाबाद, गुजरात, मे. स्वामी सुखदेवानंद ट्रस्ट परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश, उत्तराखंड, मेसर्स थार कैम्पस प्रा.लि., नई दिल्ली ने रूचि दिखाई है।
आयुक्त की अध्यक्षता में इन कंपनियों को गंगा नदी के किनारे (रामनगर की ओर) टेंट सिटी की स्थापना के लिए प्रस्तुतिकरण के लिए आमंत्रित किया जायेगा। इसके बाद परियोजना के लिए आरएफपी तैयार करते हुए विकासकर्ताओं से प्रस्ताव प्राप्त किए जाने की योजना है। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने प्रस्ताव को धरातल पर उतारने के लिए वीडीए उपाध्यक्ष ईशा दुहन को जिम्मेदारी सौंपी है। पयर्टन, विद्युत, केंद्रीय जल आयोग, जल निगम, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, रामनगर पालिका प्रशासन के साथ ही 13 अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी इसके लिए तय हुई है।