स्कूटी सवार पिता-पुत्री को ओवरटेक कर लुटेरों ने तमंचे की नोक पर लूटा

Share

– बाइक नम्बर के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस

कानपुर, 17 मई (हि.स.)। कल्याणपुर इलाके में भोर के बाइक सवार लुटेरों ने स्टेशन से बेटी को लेकर आ रहे स्कूटी सवार पिता को ओवरटेक कर तमंचे की नोक पर नकदी, बैग सहित लूटपाट कर फरार हो गए। पीड़ित पिता ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी सहित थाना पुलिस पहुंची। मामले में बाइक का नम्बर व पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है।

आवास विकास के सत्यम विहार में रहने वाले अरविंद सिंह मंगलवार को भोर देहरादून से वापस लौट रही बेटी को लेने के लिए स्कूटी से सेन्ट्रल स्टेशन गए थे। बेटी को लेकर वह जब घर आ रहे थे तभी महाराणा प्रताप स्कूल के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते तब तक बाइक सवार बदमाशों ने उन पर तमंचा तानकर दिया। लुटेरों ने उनका ड्राइविंग लाइसेंस, नकदी लूट ली। इसके बाद बेटी का बैग भी छीन लिया और धमकाते हुए बगिया क्रासिंग की ओर भाग निकले। लुटेरों की घटना से खौफजदा बेटी रोने लगी और पीड़ित पिता ने लूटपाट की घटना 112 नम्बर पर पुलिस को दी। मौके पर पीआरवी के साथ कल्याणपुर थाने की पुलिस पहुंची। पीड़ित पिता पुत्री से पूछताछ करते हुए पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाले।

थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की बाइक का नम्बर पीड़ित द्वारा दिया गया है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी से बदमाशों की पहचान की जा रही है। घटना का जल्द खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।