मुरादाबाद, 09 मई (हि.स.)। मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र से पुलिस कस्टडी से फरार मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के उमरी कलां निवासी हिस्ट्रीशीटर फहीम एटीएम को पांच दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को पूछताछ के दौरान उसकी पहली पत्नी और उसके साथ जेल में रहे कुछ खास बंदियों से कुछ सुराग मिले हैं। वहीं पाकबड़ा थाना पुलिस भी सुराग लगाने में जुटी हुई है।
थाना पुलिस फहीम एटीएम के बहनोई के सम्पर्क में रहने वाले लोगों की भी पड़ताल में जुटी है। फहीम के जमानतियों के साथ-साथ पुलिस उसके दस से अधिक रिश्तेदारों और करीबियों को भी थाने लाकर पूछताछ कर चुकी है। फहीम एटीएम हत्या के एक मामले में बिजनौर जेल से बीते गुरुवार को मुरादाबाद की एक कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। साथ में आ रहे पुलिस कर्मियों को पाकबड़ा स्थित अपने बहन-बहनोई के घर के एक कमरे में बैठाकर खुद दूसरी पत्नी से मिलने का झांसा देकर पत्नी के साथ फरार हो गया था।
पुलिस उप महानिरीक्षक शलभ माथुर ने उस पर 50 हजार रुपये का ईनाम भी शनिवार घोषित किया है। उनके निर्देश पर एएसपी क्राइम ब्रांच अशोक कुमार सिंह बहुत ही बारीकी से एक-एक बिंदु पर जांच कर रहे हैं। सूत्र से मिली जानकारी के यह कहा जा सकता है कि हिस्ट्रीशीटर की पहली पत्नी और साथी बंदियों से बातचीत में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।