रानी रेवती देवी में छात्र-छात्राओं को मिट्टी बचाने की दी गई जानकारी

Share

प्रयागराज, 09 मई (हि.स.)। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय के नेतृत्व में ईशा फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने मिट्टी बचाओ अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस अवसर पर ईशा फाउंडेशन की वरिष्ठ सदस्या प्रीति मौर्या ने बताया कि वैश्विक स्तर पर मिट्टी 52प्रतिशत पहले ही खराब हो चुकी है और हमारे पास केवल 60 साल की खेती बाकी है। हमें बड़े स्तर पर बदलाव लागू करने होंगे, अन्यथा भोजन की कमी और युद्ध जैसी आपदाएं अपरिहार्य होंगी। उन्होंने बताया कि सद्गुरु जग्गी वासुदेव 65 साल की उम्र में मिट्टी बचाओ अभियान के तहत 25 देशों में 30 हजार किलोमीटर की 100 दिन की अकेली मोटरसाइकिल यात्रा पर हैं। इस दौरान वह सभी 25 देशों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि वे अपने-अपने देशों में मिट्टी को बचाने के लिए तत्काल नीतिगत कार्रवाई शुरू करें। उन्होंने बीच-बीच में छात्र-छात्राओं से मिट्टी बचाओ अभियान के तहत कई प्रश्न पूछे। छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत किया।

प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने छात्र-छात्राओं से कहा कि आप सभी मिट्टी बचाओ अभियान के समर्थन तथा मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार के बारे में प्रधानमंत्रीजी को एक पत्र लिखें तथा मिट्टी बचाओ अभियान के प्रति अपना समर्थन दें। कार्यक्रम में ईशा फाउंडेशन के स्वयंसेवक प्रांजल, तनुश्री, पुनीत एवं विनीत ने सहयोग प्रदान किया। संचालन मनोज कुमार गुप्ता तथा धन्यवाद ज्ञापन रमेश चंद्र मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में सत्य प्रकाश पांडेय, प्रेम सागर मिश्रा, प्रभात कुमार शर्मा, रमेश चंद्र अग्रहरी, वंशराज यादव, विभु श्रीवास्तव, अनूप कुमार, सचिन सिंह परिहार, चंद्रशेखर सिंह, शैलेश सिंह यादव, अभिषेक शर्मा, पायल जायसवाल, ओमकार पांडे, संतोष कुमार तिवारी आदि का सहयोग रहा।