वर्तमान पीढी के भविष्य एवं शिक्षित समाज बनाने के लिए बच्चों को शिक्षित बनाएं
हरदोई,09 मई(हि.स.) जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना के साथ ब्लाक सुरसा में ग्राम बरहई के पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छाओं से हिन्दी, अग्रेजी, विज्ञान, गणित आदि विषयों के सवाल पूछे और ठीक उत्तर न देने पर स्वयं एक शिक्षक भूमिका में छात्रों को सही उत्तर बताए।
कक्षा 6 के छात्र अभिषेक ने महाराणा प्रताप के जन्म दिवस पर महाराणा प्रताप के घोड़े की वीरता पर लिखी कविता ‘‘ रणवीर चौकड़ी भर-भर चेतक बन गया निराला था‘‘ को पूरा सुनाया जिसकी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने उक्त छात्र की प्रशंसा की तथा अन्य कक्षाओं के बच्चों द्वारा गणित के सवाल लगाकर, अंग्रेजी आदि विषयों के सही जवाब देने पर छात्र-छात्राओं की तथा विद्यालय की अच्छी साफ-सफाई व रखरखाव की प्रशंसा की।
इसके उपरान्त विद्यालय में अध्यापकों एवं विद्यालय के बच्चों के साथ आयोजित चौपाल का शुभारम्भ जिलाधिकारी मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। चौपाल में जिलाधिकारी विद्यालय की उत्तम व्यवस्था के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान तथा अध्यापकों सहित मुख्य विकास अधिकारी की विशेष बधाई देते हुए सीडीओ ने इस विद्यालय को उत्तम बनाने में अधिक सहयोग किया है और विद्यालय के अध्यापकों द्वारा बच्चों की साफ-सफाई से रहने की सीख देने के साथ गुणवत्तापरक एवं पारदर्शी शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों से कहा कि शिक्षित व्यक्ति केवल नौकरी पर निर्भर नहीं रह सकता है, बल्कि शिक्षा के माध्यम से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के स्कूल से घर आने पर उनके होम वर्क आदि के बारे में जानकारी लें और अध्यापकों द्वारा दिये होम वर्क को बच्चों से कराएं तथा पढ़ाई के लिए अधिक से अधिक समय दें। उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ेंगे तभी आगे बढ़ेंगे। इसलिए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें नियमित विद्यालय भेजें। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के भविष्य के लिए पाठ्य, पुस्तक, ड्रेस, जूता, मोजा, भोजन आदि की सुविधा दी जा रही है।इसलिए वर्तमान पीढी के भविष्य एवं शिक्षित समाज बनाने के लिए बच्चों को शिक्षित बनाएं।
निरीक्षण एवं चौपाल में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह, बीडीओ सुरसा रामप्रकाश वर्मा, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, प्रधानाचार्य मंजू वर्मा सहित ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।