इंदौरः प्रिंटिंग प्रेस फैक्ट्री में लगी आग, एक कर्मचारी झुलसा

Share

इंदौर, 8 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते आगजनी की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही है। इसी क्रम में रविवार को इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में स्वाध्याय प्रिंटिंग प्रेस में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल के ड्रम रखे थे, जिसके कारण आग तेजी से फैली और पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनी की घटना में फैक्ट्री का एक कर्मचारी बुरी तरह झुलस गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चंदन नगर पुलिस के अनुसार, स्वाध्याय प्रिंटिंग प्रेस में रविवार सुबह लोगों ने धुआं उठते देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फैक्ट्री में काम करने वाला कर्मचारी विजय यादव आग की चपेट में आने से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। इस आगजनी में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।