वाराणसी, 08 मई (हि.स.)। वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी (गंगा सप्तमी) तिथि पर रविवार को वाराणसी के गंगा घाटों पर दस हजार लोगों ने श्रृंखलाबद्ध होकर उदीयमान सूर्य को सामूहिक रूप से अर्ध्य दिया।
गायत्री तीर्थ (हरिद्वार) तथा गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट वाराणसी के संयुक्त पहल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान गंगा हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष और वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहे। 10 हजार युवा, महिलाएं बच्चे गायत्री महामंत्र का जाप करते हुए पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। राजघाट पर बने मुख्य मंच से कार्यक्रम की शुरूआत हुई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रति कुलपति एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के चिन्मय पाण्ड्या, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने इस अवसर पर लोगों को सम्बोधित किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला समन्वयक पं० गंगाधर उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में केन्द्रीय देव दीपावली महासमिति, पहल समाजोत्कर्ष समिति, काशी विश्वनाथ दल, नाविक समाज, गुजराती समाज, काशी बंगीय समाज आदि के साथ विविध सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के देखे स्वप्न को साकार करने के लिए आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के संस्थापक गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य को गायत्री मंत्र की दीक्षा देने वाले पं. मदन मोहन मालवीय के संकल्प को पूरा करने के लिए आयोजन समिति से जुड़े काशी के धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने पूरा सहयोग किया।
उन्होंने बताया कि गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा वर्ष 2011 से निर्मल गंगा जन अभियान के माध्यम से गोमुख से गंगा सागर तक मां गंगा की निर्मलता एवं अविरलता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जन भागीदारी अभियान चला रहा है। सामूहिक सूर्य अर्ध्यदान कार्यक्रम का उदेश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, सभ्यता एवं भारतीय परम्परा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से केदार प्रसाद दुबे, बागीश दत्त मिश्र, आलोक पारिख, आशीष सिंह, नरेन्द्र ठाकुर, रामावतार पार्टीदार, किशन जायसवाल, प्रसेन सिंह, सुरेश सिंह यादव, बेचू लाल, आदित्य पाण्डेय, डा0 भगवान दास, जितेन्द्र जायसवाल, बृजेन्द्र नाथ चौबे, वीरेन्द्र कुमार ‘‘बब्लू’’ घनश्याम राम, क्षितिज श्रीवास्तव, शारदा त्रिवेदी, कंचन चौबे, संगीता मौर्य, वैजयन्ती सिंह, प्रियंका सिंह, आभा वर्मा, रीता मिश्रा, रीता श्रीवास्तव, वर्षा यादव, सावित्री सिंह, कुमारी शाम्भवी सहाय, कुमारी प्रज्ञा श्रीवास्तव एवं मीडिया प्रभारी रमन कुमार श्रीवास्तव आदि ने भागीदारी की।