कोरोना जैसे आपातकाल में भी चमचमाती रही चंदेरी की साड़ियां

Share

चंदेरी, 07 मई (हि.स.)। हथकरघा विभाग द्वारा शनिवार को आयोजित बुनकर पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या, सरस्वती पूजन कर आरंभ किया गया जिसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव, सांसद के पी यादव ,भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश रघुवंशी मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने उपस्थित बुनकरों को संबोधित करते हुए बताया कि कोराना जैसे आपातकाल में भी चंदेरी की साड़ियां चमचमाती रही इस भीषण परिस्थिति में बुनकरों ने अपना धैर्य नहीं खोया लगातार हथकरघा पर बुनाई के माध्यम से रोजगार अर्जित रहे एशिया में पहले नंबर पर निर्मित हैंडलूम पार्क की सौगात ज्योतिरादित्य सिंधिया के द्वारा दी गई यह अद्भुत और बेमिसाल है।

बता दें कि करीब 50 करोड़ की लागत से निर्मित इस पार्क में 240 करघे स्थापित है। बुनकर शासन के द्वारा संचालित की जा रही उन्नत उपकरण योजना, मुद्रा योजना ,कबीर पुरस्कार के साथ बीमा योजनाओं का लाभ भी विभाग के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। भारत सरकार और राज्य सरकार के द्वारा संचालित की जाने वाली योजनाएं आप सभी को ध्यान में रखकर बनाई गई है। लंबे समय से चली आ रही बुनकर पहचान पत्र की मांग अब सरकार ने पूरी कर दी है। भारत सरकार के द्वारा जारी बुनकर पहचान पत्र अब आपको सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संवल बनेगा इसके माध्यम से देश और विदेश में माल बेचने का आपको मौका मिलेगा। बुनकरों के बच्चों को तकनीकी शिक्षा हासिल हो इसके लिए टेक्निकल कोर्स टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी को करने के लिए भारत सरकार वस्त्र मंत्रालय द्वारा संचालित डिप्लोमा इंस्टीट्यूट जोधपुर मैं बुनकरों के बच्चों को भेजने का प्रयास किया जावेगा 50 बुनकरों को अतिथियों के द्वारा मंच से पहचान पत्र वितरित किए गए शेष बुनकर हथकरघा कार्यालय से अपना पहचान पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

कबीर पुरस्कार से सम्मानित बुनकर घासीराम लालमणि एवं रेखा कोली को साल श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया गया। उपसंचालक सुधीर व्यास ने विभागीय योजनाओं की जानकारी से बुनकरों को अवगत कराया सहायक संचालक हथकरघा केके गुप्ता ने माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर कलेक्टर डॉक्टर उमा महेश्वरी, एसडीएम प्रथम कौशिक, आलोक तिवारी, अरुण सोमानी, पूरन सोनी, अशोक लालमणि, रामकिशोर पटेरिया, सौरभ सोनी, दिनेश मिश्रा, राहुल शेषा, गांधी यादव ,राजीव सेहारे, अशोक गुप्ता, अमित सोमानी जगन्नाथ पिप्पल, प्रिंस जैन, रश्मि सेहारे, ज्योति खरका, कल्पना सराफ सहित बड़ी संख्या में बुनकर मौजूद रहे।