कांग्रेस मजबूत करने के लिए जमीनी कार्यकर्ता के साथ संवाद जरूरीः माहरा

Share

गोपेश्वर, 07 मई (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश ने कहा कि अपने भ्रमण के दौरान जो कुछ देखा और पाया है, उससे उन्हें महसूस हुआ है कि कांग्रेस काे मजबूत करने के लिए जमीनी कार्यकर्ता के साथ संवाद स्थापित करना आवश्यक है। साथ पार्टी के अंदर अनुशासन बहुत जरूरी है जो पार्टी को एक जुट बनाये रख सकता है।

शनिवार को अपने भ्रमण के दौरान चमोली जिला मुख्यालय पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्तमान चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में पूरा माहौल होने के बाद भी कांग्रेस का बैकफुट पर चला जाना चिंता का विषय है। इन्हीं कारणों को जानने के लिए वे कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनसे संवाद स्थापित कर जानने का प्रयास कर रहे हैं कि कांग्रेस के पिछड़ने का कारण क्या है।

उन्होंने कहा कि अब तक के भ्रमण के दौरान उन्हें जो फीड बैक मिला है, उससे वे इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि पार्टी के अंदर अनुशासन की कमी के साथ ही जमीन से जुड़े कार्यकर्ता से संवादहीनता पार्टी के लिए घातक साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अपने भ्रमण से लौटने के बाद इन सब विषयों पर चिंतन, मनन करते हुए आगे की रणनीति तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में पार्टी का जो एक बड़ा संगठनात्मक ढांचा हुआ करता था उसे कम किया जाएगा ताकि सभी लोगों से संवाद बनाया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष ने चार धाम यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आधी अधूरी व्यवस्थाओं के साथ सरकार ने यात्रा शुरू की है जिसका खामियाजा यहां आने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर पार्किंग की कमी, पेयजल व्यवस्था सुचारू न होना, शौचालयों की कमी, रैन बसेरे न होने से यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा साथ ही जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी सरकार की ओर से कोई समुचित व्यवस्था नहीं देखी जा रही है।

उन्होंने इस बात पर भी चिंता जतायी की प्रदेश सरकार ने हरिद्वार कुंभ क्षेत्र की जमीन को परिसंपत्तियों के बंटवारे में उत्तर प्रदेश को दे दी है। ऐसे में भविष्य कुंभ आयोजन से पूर्व सरकार को उत्तर प्रदेश से अनुमति लेनी पड़ेगी। चंपावत विधान सभा उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि निर्मला गहतोड़ी कांग्रेस की एक मजबूत प्रत्याशी है। और भाजपा प्रत्याशी को सीधी टक्कर देंगे।

इस मौके पर बदरीनाथ विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी, जिला अध्यक्ष बीरेंद्र रावत, हरिकृष्ण भट्ट, प्रमोद बिष्ट, अरविंद नेगी, रविन्द्र नेगी, आदि मौजूद रहे।