मथुरा, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन अम्बावता ने मंगलवार पूर्वान्ह नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए डीएम की गैर मौजूदगी में अतिरिक्त उप जिलाधिकारी श्वेता सिंह को ज्ञापन सौंपा है।
भाकियू अम्बावता गुट के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर के नेतृत्व में मंगलवार पूर्वान्ह टैंक चौराहे पर एकत्रित सैंकड़ों किसान पैदल मार्च करते कलक्ट्रेट तक पहुंचे। किसानों के आगमन की खबर पर प्रशासन ने कलक्ट्रेट का मुख्य बंद कराकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। किसान डीएम कार्यालय तक जाने पर अड़ गए। बाद में इन्हें जाने दिया गया। यहां उन्होंने शासन-प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
डीएम नवनीत सिंह चहल की अनुपस्थिति में अतिरिक्त उप जिलाधिकारी श्वेता सिंह ने किसानों से वार्ता की। किसान यूनियन के नेताओं ने तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि किसानों की सभी नौ सूत्रीय मांगों का तीन दिन में समाधान नहीं किया गया तो जिला कैंप कार्यालय गढ़सौली पर यमुना एक्सप्रेस वे जाम कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
ये है नौ सूत्रीय मांगे
जिला अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि किसानों की सिंचाई की समस्या को देखते हुए 18 घंटे बिजली सुचारु की जाए, नहर नालों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए, बल्देव कट मांग पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। कृषि विभाग में सम्मान निधि के नाम पर की जा रही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। जिले में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनी सभी सड़कों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है उसकी जांच कराकर भ्रष्ट्राचारियों पर कार्यवाही की जाए।जनपद में घूम रहे वे सहारा जानवरों की व्यवस्था कराई जाए के अलावा कुछ और मांग हैं। जिस पर जिला प्रशासन जल्द से जल्द कार्यवाही करें।