नैनीताल, 07 अप्रैल (हि.स.)। नगर के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं विलक्षण प्रतिभा के धनी, कई विषयों में प्रकांड विद्वान, संस्कृतिकर्मी, चित्रकार, मूर्तिकार, फिल्मकार, रंगकर्मी, लेखक, ऐपण कला के विशेषज्ञ व बीते दौर में राजनीति में भी दखल रखने वाले व राज्य आंदोलनकारी विश्वंभर नाथ साह ‘सखा दाज्यू’ का अब से कुछ देर पूर्व, अपराह्न करीब एक बजे असामयिक निधन हो गया।
बताया गया है कि बुधवार को उन्हें स्वास्थ्य खराब होने पर पहले बीडी पांडे जिला चिकित्सालय और फिर वहां से हल्द्वानी के एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया था। यहां बीती शाम ही उन्हें आईसीयू में रख दिया गया था, जबकि बृहस्पतिवार अपराह्न करीब एक बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सखा दाज्यू अपने दौर में शांति निकेतन में पढ़े हुए राज्य के गिने-चुने लोगों में शामिल थे। बताते हैं कि वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश भी जा रहे थे, लेकिन मां की बीमारी के कारण उन्हें घर लौटना पड़ा। उनकी एकमात्र पुत्री दीपाली यूएई में रहती है। वर्तमान में यहीं उनके कैलाखान स्थित आवास पर ही थी। नगर में स्थित राज्य आंदोलनकारियों के शहीद स्थल में स्थापित मूर्ति भी उन्हीं के द्वारा बनाई गई थी।