प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं : मुख्यमंत्री

Share

देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। उत्तराखंड में आज भव्य तरीके से विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन हो रहा है। इस दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यक्रमों की शुरूआत 1948 में की गई थी।

इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस 2022 की थीम ‘अवर प्लानेट, अवर हेल्थ’ रखी गई है। सन 1948 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की स्थापना हुई। स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और हमारे डॉक्टर्स के अतुलनीय योगदान को चिह्नित करने के लिए विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस पहली बार सन 1950 में दुनिया भर में मनाया गया था।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अवसर पर 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी में राजकीय उप चिकित्सालय मसूरी को डी.एल.एफ. द्वारा प्रदान किए गए चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने मसूरी उप चिकित्सालय के लिए डी.एल.एफ द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी उप चिकित्सालय में इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मसूरी एवं आस पास के क्षेत्रों धनोल्टी, नैनबाग एवं जौनपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा की प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मसूरी के नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, भाजपा के मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल आदि उपस्थित थे।

प्रख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. वीकेएस संजय का कहना है कि स्वास्थ्य से जुड़े लोगों को विश्व स्वास्थ्य दिवस चिकित्सा में और सघनता लाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर आम आदमी को रोगमुक्त करें यह इस दिवस की सार्थकता है।

महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा का कहना है कि हर व्यक्त का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्तराखंड सरकार इस दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। हमारे जीवन में कई वस्तुओं का प्रभाव पड़ता है जिनका समन्वय करना आवश्यक है। डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि हमारा हवा-पानी शुद्ध हो, अपशिष्ट प्रबंधन ठीक हो।