नैनीताल, 07 अप्रैल (हि.स.)। नगर के युवा व्यवसायी जीतेंदर सिंह उर्फ जीतू भाई का बुधवार रात्रि असामयिक निधन हो गया। मात्र 45 वर्ष की उम्र में एक युवा व प्रतिष्ठित व्यवसायी के निधन से नगर के व्यापारियों और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों में गहरा शोक छा गया।
जीतू भाई नई दिल्ली से लौट रहे थे। इस बीच मुरादाबाद के निकट वह अपने वाहन से किसी कारण उतरे थे, तभी पीछे से किसी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। उन्हें तत्काल नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह उनके निधन की सूचना नगर में उनके करीबियों को मिली तो शोक की लहर छा गयी।
बताया गया है कि उनका पार्थिव शरीर अभी मुरादाबाद के चिकित्सालय के शव गृह में है। वहां से पोस्टमार्टम के उतरांत शव को जल्द से जल्द घर लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। जीतू भाई नगर में कोका कोला सहित कई अन्य कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर थे और थोक व्यापार करते थे।