फतेहपुर: भाजपा में शामिल हुए ब्लाक प्रमुख पति को निष्कासित करने की मांग

Share

-भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराते धाता क्षेत्र के कार्यकर्ता

फतेहपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी में धाता ब्लाक प्रमुख पति का शामिल होना क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं को रास नहीं आ रहा है। जिसे लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में धाता क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया है। सभी ने ब्लाक प्रमुख पति को पार्टी से निष्कासित करने की मांग उठाई।

धाता क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता आज बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचे। जहां नारेबाजी करके भाजपा में शामिल होने वाले ब्लाक प्रमुख पति राजनारायण सिंह उर्फ राजू सिंह का विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि अभी तक ब्लॉक प्रमुख पति सपा की राजनीति कर रहे थे। विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे थे। प्रदेश में सपा सरकार न बनने व क्षेत्रीय सपा प्रत्याशी के हार जाने की वजह से उन्होंने सत्ता सुख भोगने के इरादे से भाजपा का दामन थामा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि धाता ब्लॉक प्रमुख पति विगत विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का विरोध किया था। वह सपा के पदाधिकारी हैं।उन्हें भाजपा से तत्काल निष्कासित किया जाए। उनके पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में भाजपा कमजोर हो जाएगी। विरोध दर्ज कराने वालों में जिला मंत्री नीरज बाजपेयी, धाता मंडल के सेक्टर प्रमुख प्रदीप कछवाह, मंडल महामंत्री अजीत सिंह, सतीश कुमार पांडेय, सतेंद्र सिंह, प्रियेंद्र प्रताप सिंह, वशिष्ठ नारायण ओझा, विवेक सिंह, रोति तोमर, धर्मेंद्र सिंह, देवेश त्रिपाठी, रामनारायण शुक्ल, अतुल सिंह, राकश दुबे, शुभम ठाकुर, नितिन सिंह, श्याम यादव आदि लोग मौजूद रहे।