सीतापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में नौ अप्रैल को होने वाले विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के समर्थन में पार्टी के बड़े नेताओं द्वारा भी जनसंपर्क अभियान जारी है।
महोली नगर पालिका अध्यक्ष सरिता गुप्ता के प्रतिनिधि भाजपा नेता दिनेश गुप्ता टीटू ने पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व धौराहरा लोक सभा सांसद रेखा वर्मा के साथ कई गांवों का दौरा कर प्रधान, बीडीसी व सभासदों से पवन सिंह चौहान के लिए समर्थन मांगकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
ग्राम नेरी, रजुआपुर, बरगवां, चमारबाग में ग्राम प्रधान, बीडीसी के साथ बैठक कर रेखा वर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद विपक्ष मुद्दा विहीन हो चुका है, हताश व निराश विपक्षियों के आगे भाजपा प्रत्याशी की एक बार फिर जबरदस्त जीत होगी। जिला पंचायत सदस्यों की बैठक कर उन्होंने पार्टी प्रत्याशी पवन कुमार सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
भाजपा नेता दिनेश गुप्ता टीटू ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ से बताया कि एमएलसी चुनाव में पार्टी की बम्पर जीत होगी। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की जोड़ी से भारत दुनिया में विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर नेरी ग्राम प्रधान नूर हसन सहित दर्जनों ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को जिताने के लिए शामिल हुए लोगों ने एक स्वर में हुंकार भरी। इस अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्ता टीटू, जिला महामंत्री रोहित सिंह, अरुण मिश्रा मुन्ना लाल पांडे, वीरेश शुक्ला, कुलदीप, हरीश पटेल, ब्लॉक प्रमुख पिसावां मिथिलेश यादव उपस्थित रहे।