बरेका के रोहित यादव एवं दीपिका पटेल ने जीता स्वर्ण पदक

Share

—सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के जैवलिन थ्रो में रोहित ने 81.83 मीटर भाला फेंका

वाराणसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। केरल के कोझीकोड में चल रही 25वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बरेका के रोहित यादव ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो में 81.83 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीत लिया। वहीं, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की ओर से महाराष्ट्र पुणे में आयोजित 55 वें अखिल भारतीय शूटिंग चैम्पियनशिप के महिला वर्ग 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सटीक निशाना लगाते हुए बरेका की दीपिका पटेल ने स्वर्ण पदक जीता।

दोनों खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से साथी खिलाड़ियों के साथ कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है। रोहित यादव बनारस रेल इंजन कारखाना के इलेक्ट्रिकल विभाग में वरिष्ठ लिपिक पद पर कार्यरत हैं। दीपिका पटेल बनारस रेल इंजन कारखाना के कार्मिक विभाग में जूनियर लिपिक पद पर कार्यरत हैं। इस शानदार सफलता के लिए बरेका महाप्रबंधक अंजली गोयल एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी है।