बच्चों को 18 अप्रैल से खिलायी जाएगी कृमि मुक्ति दवा

Share

हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत राष्ट्रीय कृमि मुक्ति सप्ताह कार्यक्रम आयोजन के सम्बन्ध में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी को मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एसीएमओ ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति सप्ताह के अन्तर्गत 01 से 19 आयु वर्ग के सभी बच्चों को आगामी 18 से 23 अप्रैल तक कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजॉल मुफ्त में खिलाई जायेगी, जिसके अन्तर्गत राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 18 और मॉपअप दिवस 19 अप्रैल को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित किया जायेगा। जो बच्चे इन दोनों दिनों में दवा खाने से वंचित रह जायेंगे, उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर 20 से 23 अप्रैल तक कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजॉल खिलायेंगी। अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति सप्ताह के अन्तर्गत 1 से 19 आयु वर्ग के 7,53,474 बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजॉल खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी द्वारा कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजॉल के चिह्नित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि यह दवा आगामी 14 अप्रैल तक जनपद के सभी विकास खण्डों में तथा 15 से 17 अप्रैल तक सभी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहुंच जायेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कृमि मुक्ति की दवा खिलाने के लिये आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति सप्ताह का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. कुमार खगेन्द्र सिंह, एसीएमओ डॉ. पंकज कुमार जैन, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, जिला युवा अधिकारी हिमांशु सिंह, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।