स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया कन्या पूजन

Share

वाराणसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 42वें स्थापना दिवस पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पार्टी के कार्यकर्ता विविध कार्यक्रमों के जरिए पार्टी की निरंतर सफलता की कामना मां दुर्गा से कर रहे हैं। भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने स्थापना दिवस पर अपने आवास पर दलित कन्याओं का पूजन किया। वासंतिक चैत्र नवरात्र को देखते हुए दलित कन्या पूजन कर तिलक लगा आरती उतारी गई। पूड़ी-हलुआ, फल का भोग लगाया गया। इसके बाद कापी, किताब, पेंसिल, रबड़, पेंसिल कटर, टाफी, चाकलेट, बिस्कुट, आइस्क्रीम, साबुन, पेस्ट आदि उपहार में देकर कार्यकर्ताओं ने देवी स्वरूप कन्याओं से पार्टी की निरंतर सफलता के लिए आशीर्वाद भी मांगा।

जायसवाल ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर आज हम सभी ने कन्याओं की पूजा की है। उनसे आर्शीवाद मांगा कि भाजपा हमेशा सफलता के पथ पर चलती रहे। इसके पहले कार्यकर्ताओं ने पार्टी के ध्वज को फहराने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सम्बोधन को भी सुना। पूरे आयोजन में श्याम कुमार, अजीत कुमार, आदित्य, अमन, मंगलेश जायसवाल, बाबू, सोमनाथ विश्वकर्मा, जयकिशन, मनीष चौरसिया आदि शामिल रहे।