क्षेत्रीय कार्यालय पर मनाया गया भाजपा का स्थापना दिवस

Share

मेरठ, 06 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर मेरठ में क्षेत्रीय कार्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। शहर और देहात में कार्यकर्ताओं ने लाइव प्रसारण देखा।

बागपत रोड स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर 42वें स्थापना दिवस पर पार्टी के दिग्गज नेता जुटे। पश्चिम क्षेत्र के कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भाजपा का झंड़ा फहराया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसका सभी प्रदेशों में लाइव प्रसारण किया गया। क्षेत्रीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। नेताओं ने अपने मोबाइल पर प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कमलदत्त शर्मा, महेश बाली, रवीश अग्रवाल, अरविंद गुप्ता मारवाड़ी आदि उपस्थित रहे। खैरनगर में मेट्रो एंटरप्राइजेज पर भी व्यापारी नेता रजनीश कौशल के साथ व्यापारियों ने प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी। नगर निगम के पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में दिल्ली के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।