गोरखपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। खोराबार थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए मार्ग दुर्घटना में एक महिला की इलाज के दौरान बीती रात अस्पताल में मौत हो गई। जबकि मासूम समेत तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों के अनुसार लालपुर टीकर छावनी टोला नदुआ में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने बच्ची समेत चार लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल विश्वनाथ की 30 वर्षीय पत्नी गुड़िया की बीती रात को इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। जबकि मैना देवी उसकी पुत्री और सुमित्रा का इलाज चल रहा है।
दुर्घटना की जानकारी पर रात लगभग 12 बजकर 30 मिनट पर गांव पहुंची खोराबार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोरखपुर भेज दिया। मैना देवी के पति रघुनाथ ने बताया कि आरोपी बाइक सवार गांव का ही युवक बलिराम है। वह भी बाइक लेकर मौके पर गिर गया था, लेकिन बाद में भाग निकला। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।