मंदसौर 5 अप्रैल (हि.स.)। भोपाल में होने वाली सीनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश टीम में मंदसौर के हॉकी खिलाड़ी अक्षय दुबे का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 6 से 18 अप्रैल तक भोपाल में खेली जाएगी।
हॉकी मंदसौर के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया व अविनाश उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश टीम का चयन जबलपुर में चल रहे राष्ट्रीय कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया। ज्ञात रहे अक्षय इससे पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश टीम का हिस्सा रह चुके हैं और स्कूल इंडिया से एडिलेड ऑस्ट्रेलिया में भी इंडिया टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अक्षय की हॉकी की शुरुआत 2012 से हुई जब वह सेंट थॉमस में कक्षा 6 के विद्यार्थी थे। 2014 में पहली बार मिनी टीम में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 2014 में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित हॉकी एकेडमी भोपाल में उनका चयन हुआ।