हल्द्वानी पहुंचे मंत्री सौरभ बहुगुणा, कहा- किसानों की आय दो गुना करने को सरकार प्रयासरत

Share

हल्द्वानी,5 अप्रैल (हि.स.)। सूबे के कैबिनेट मंत्री मंगलवार को भाजपा कुमाऊ संभागीय कार्यालय पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अपने स्वागत से गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा काफी गदगद नजर आए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य किसानों की आय को दोगुना करना है।

मीडिया से बात करते हुए गन्ना विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बीजेपी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वह अपने को भाग्यशाली समझते हैं कि पार्टी ने उनको इतनी कम उम्र में गन्ना जैसा अहम मंत्रालय दिया है, जो कि सीधे तौर पर किसानों को लाभ पहुंचाने वाला विभाग है और वह जिस क्षेत्र से आते हैं वहां बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती है।

उन्होंने कहा कि सितारगंज स्थित चीनी मिल जो कि बंद हो गई थी, उसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खोलने का काम किया है। पूर्व की कांग्रेस सरकार के राज में उधम सिंह नगर जिले में काशीपुर और गदरपुर चीनी मिलों को बंद करा दिया गया था, जिसे दोबारा से शुरू करने के लिए सरकार काम कर रही है। किसानों का बकाया भुगतान पूरा करने का काम सरकार काम कर रही है। पिछले 5 साल के कार्यकाल का बकाया भुगतान 1000 करोड़ रुपये में से करीब 600 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। बाकी का बकाया भुगतान कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड एकमात्र ऐसा राज्य है जिसने गन्ने का समर्थन मूल्य अन्य राज्यों से 5 रुपये अधिक दिया है। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय को दोगुना करना है, जिसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे।