प्रतापगढ़ : कंटेनर की टक्कर से एक महिला की मौत, तीन घायल

Share

प्रतापगढ़, 05 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर कंटेनर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि पति के साथ ही दो सगी बहन घायल हो गई। जिनको इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रायबरेली जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र के चंदनिया गांव निवासी सत्येन्द्र कुमार (26) की शादी फरवरी में नवाबगंज के ब्रम्हौली गांव की रेखादेवी (22) के साथ हुई थी। सत्येन्द्र पत्नी रेखा को लेकर ससुराल आया था। मंगलवार दोपहर सत्येन्द्र पत्नी रेखा देवी और साली प्रीती (20) व किरन (17) के साथ बाइक से परियावां बाजार खरीदारी करने गया। खरीदारी कर लौटते समय जैसे ही वह नवाबगंज चौराहे के करीब पहुंचा, हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें रेखा देवी की मौत हो गई। जबकि सत्येन्द्र उसकी साली प्रीती, किरन की हालत गम्भीर है।