गाजियाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान सोमवार को भी जारी रहा। जीडीए के प्रवर्तन जोन एक में मोरटा के पास बनाई जा रही अवैध कालोनी पूरी तरह से ध्वस्त कर दी।
जोन-1 में मोरटा गांव के पास योगेश शर्मा एक अवैध कॉलोनी का निर्माण करा रहा था। खसरा संख्या-450 व 221 में बिना अनुज्ञा प्राप्त किए बाउंड्री करा के अंदर अवैध कॉलोनी का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण के दस्ते ने सोमवार को बुलडोजर से मोरटा के पास अवैध कॉलोनी में हो रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव बृजेश सिंह ने बताया कि बताया कि अवंतिका एक्सटेंशन में अवैध निर्माण कर रहे बिल्डर पर जीडीए ने मुकदमा कराया है। अवंतिका एक्सटेंशन के भूखंड एफ-10 में पांच मंजिला इमारत को बिल्डर मनोज राठी ने अवैध रूप से तैयार किया है। जीडीए ने पांच मंजिला हो रहे अवैध निर्माण को सील कर दिया। बिल्डर ने विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई सील को तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। जानकारी मिलने पर सील तोड़ने पर बिल्डर के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा पंजीकृत करा दिया है।