फिरोजाबाद: श्रद्धालुओं से भरी कैंटर पलटी, एक की मौत, 30 से अधिक घायल

Share

फिरोजाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। थाना टूण्डला क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार की शाम नेजा चढ़ाकर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कैंटर पलटने से एक श्रद्धालु की मौत हो गयी। जबकि करीब 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गये। घायलो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जनपद एटा के थाना सकरौली क्षेत्र के गांव नगला गड़रिया से ग्रामीण एक कैंटर में सवार होकर नेजा चढ़ाने उसायनी स्थित वैष्णो देवी धाम पर आये थे। सोमवार शाम नेजा चढ़ाकर सभी श्रद्धालु कैंटर से वापस गांव जा रहे थे। बताया जाता है कि तभी थाना टूण्डला क्षेत्र के गांव नगला हरीशचन्द्र के पास अचानक कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे से हड़कम्प मच गया। चीख पुकार मचने पर आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिन्होंने सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस ने घायलों को आनन फानन में उपचार के लिये सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी भेजा। जहां चिकित्सक ने श्रृद्वालु सुशील कुमार (40) पुत्र राजपाल यादव निवासी नगला गड़रिया थाना सकरौली एटा को मृत घोषित कर दिया। जवकि घायल सुमन, नेहा, नेती, वृजेन्द्र, सरोज, जीतेश, रामकेश, धारा देवी, सरिता, पुष्पा देवी, दिलीप, अनूप, राजवती आदि को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। कुछ घायलों को हालत गम्भीर होने पर आगरा रैफर किया गया है।