मप्र : मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में रोपे कचनार और करंज के पौध

Share

– पूर्व सांसद आलोक संजर ने भी किया पौध-रोपण

भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प के क्रम में सोमवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी उद्यान में कचनार और करंज का पौधा रोपा। इस दौरान पूर्व सांसद आलोक संजर, सुखवर्षा वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य विशाल श्रीवास्तव, निहारिका सक्सेना तथा शिमला श्रीवास्तव ने भी पौधे लगाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि “आज भोपाल के स्मार्ट पार्क में साथी आलोक संजर जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर उनके साथ कचनार व करंज का पौधा लगाया और शुभकामनाएं दी। शुभ अवसर पर पौधरोपण से श्रेष्ठ कार्य कुछ और नहीं हो सकता है। आपसे भी आग्रह है कि प्रत्येक मंगल अवसर पर पौधरोपण अवश्य करें।”

बता दें कि सोसाइटी, पर्यावरण-सरंक्षण और घायल पशुओं के उपचार के लिए कार्य कर रही है। संस्था के सदस्यों ने सूरज नगर स्थित सिविल डिस्पेंसरी प्रांगण में वृक्षारोपण किया है। संस्था वर्षा से पूर्व खुले स्थानों पर सीड बाल रखकर तथा लोगों को प्रेरित कर पौध-रोपण का अभियान चलाती हैं। संस्था का प्रयास रहता है कि लगाए गए पौधे उपेक्षा का शिकार न हों। संस्था प्रतिदिन लगभग 100 से अधिक बेसहारा जानवरों के लिए भोजन की व्यवस्था करती है। घायल जानवरों के इलाज की व्यवस्था भी सोसायटी द्वारा विगत 10 वर्षों से की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि कचनार, सुंदर फूलों वाला वृक्ष है। कचनार के छोटे अथवा मध्यम ऊँचाई के वृक्ष पूरे भारत में पाए जाते हैं। कचनार औषधीय गुणों से भरपूर है। करंज का आयुर्वेद में महत्वपूर्ण उपयोग है।