परिवहन मंत्री ने आईएसबीटी का किया औचक निरीक्षण

Share

देहरादून, 04 अप्रैल (हि.स.)। परिवहन मंत्री ने सोमवार को आईएसबीटी का औचक निरीक्षण किया और यहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

धामी सरकार में पहली बार मंत्री बनाए गए चंदन राम दास सोमवार को सुबह अचानक दून के आईएसबीटी पहुंचे। उन्होंने बस अड्डे की व्यवस्थाओं की जांच की। साफ सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को शौचालयों में सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। बस अड्डे पर जगह-जगह कूड़े कचरे के ढेरों पर उन्होंने नाराजगी जताई।

बस अड्डे के अंदर की यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने और बस अड्डे के अंदर वाहनों की गलत पार्किंग को भी सुधारने को कहा। उन्होंने मुख्य मार्ग पर प्राइवेट वाहन पार्क किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग और डग्गामार वाहनों के खड़े होने से आम आदमी को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सड़क पर वाहन पार्किंग रोकने को कहा।

परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों की ड्यूटी रजिस्टर की जांच की। उन्होंने कहा कि घाटे में चल रहे परिवहन विभाग की आर्थिक सेहत सुधारने के प्रयास किए जाएंगे। खामियों को सुधारा जाएगा, जिससे परिवहन विभाग की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि उन्हें एक चुनौती पूर्ण जिम्मेदारी दी गई है जिसमें वे सफल होने की उनकी कोशिश करेंगे।