मप्रः सीएम शिवराज ने मुख्यमंत्री निवास में रोपा आंवले का पौधा

Share

भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन पौधरोपण करने के संकल्प के क्रम में रविवार को राजधानी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आंवले का पौधा रोपा। उन्होंने इस मौके पर श्रमदान भी किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि आज निवास परिसर में आंवले का पौधा रोपा। आयुर्वेद में इसके अनमोल गुणों के कारण इसे अमृतफल कहते हैं। प्रत्येक पेड़-पौधा बहुत उपयोगी होता है। यह धरती को नवजीवन और मनुष्य को फल, फूल व प्राण वायु प्रदान करता है। आइये, पौधे रोपकर श्रेष्ठ संसार के निर्माण में योगदान दें।

उल्लेखनीय है कि आंवला को आयुर्वेद में अमृत फल या धात्रीफल कहा गया है। यह अनमोल गुणों का खजाना है। आयुर्वेद के अनुसार आंवला एक ऐसा फल है, जिसके अनेक लाभ हैं। आंवला न सिर्फ त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद है, बल्कि कई तरह के रोगों के लिए औषधि के रूप में भी काम करता है। विशेष रूप से इम्यूनिटी बढ़ाने, पाचन से संबंधित रोगों और पीलिया के उपचार में भी उपयोगी है। इसमें प्रचुर मात्रा में विटामिन, मिनरल, और न्यूट्रिएन्ट्स होते हैं।