फ़तेहपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यमुना नदी में स्नान करने गए दो किशोर डूब गए। जब गांव के लोगों को जानकारी हुई तो गांव के लोग यमुना नदी के एकडला घाट पहुंचे। गांव के लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर एक किशोर को तो बचा लिया। मगर दूसरे किशोर को अभी तक खोज नहीं पाये। मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के साथ किशोर को खोजने का प्रयास कर रही है।
थाना किशनपुर क्षेत्र के गांव एकडला में रविवार सुबह करीब 10 बजे यमुना नदी में नहाने के दौरान सुमित (18) व रिंकू (15) डॉल्फिन वॉच सेंटर के समीप पहुंच गए, जहां अत्यधिक पानी की गहराई में चले जाने के कारण डूब गए। चीखने-चिल्लाने पर आस-पास पशुओं को चरा रहे लोगों ने डूब रहे दोनों किशोरों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान रिंकू को तो बचा लिया गया, जबकि सुमित अभी तक लापता है। गोताखोरों द्वारा दूसरे किशोर की यमुना में तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक किशनपुर आशुतोष सिंह ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से एक किशोर को बचा लिया गया है और दूसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस गोताखोरों की मदद से दूसरे युवक को ढूंढने का लगातार प्रयास कर रही है।