– दूसरी मूर्ति की स्थानपा पर शांत हुआ गांव का माहौल
मीरजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव मे शनिवार को गांव के एक व्यक्ति ने सायर माता मंदिर में स्थापित मूर्ति को पटक कर उसका दाहिना हाथ तोड़ दिया। आक्रोशित ग्रामीणों एवं मंदिर स्वामी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
खैरा गांव निवासी दशरथ यादव ने गांव में शायर माता का मंदिर बनवाया है। मंदिर में संगमरमर की सायर माता की मूर्ति स्थापित है। आरोप है कि शनिवार की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने मंदिर पर पहुंच कर सायर माता की मूर्ति को पटक दिया जिससे मूर्ति का दाहिना हाथ टूट गया। जानकारी होते ही लोग आक्रोशित हो गए। आरोपित अपने ऊपर सायरमाता की सवारी होने का ड्राॅमा करता रहा। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपित का ड्राॅमा बंद हुआ। पुलिस हिरासत में लिया गया व्यक्ति ने कहा कि वह प्रतिदिन माता की सेवा करता था लेकिन आज उसने ऐसा क्यों किया, उसे पता नहीं है। वह अपने किए हुए कार्य पर पछतावा भी कर रहा है। बहरहाल गांव में इस प्रकरण को लेकर तनाव था लेकिन दूसरी मूर्ति वाराणसी से आने की बात पर लोग शांत हुए। थानाध्यक्ष जिगना विजय कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। यदि तहरीर मिलती है तो वैधानिक कार्रवाई की जायेगी। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। आज ही दूसरी मूर्ति स्थापित हो जाएगी।