महंगाई के विरोध में बल्लीवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका सरकार का पुतला

Share

देहरादून, 31मार्च (हि.स.)। महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेश व्यापी कार्यक्रम के तहत कैंट विधानसभा क्षेत्र के बल्लीवाला में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से धस्माना ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पूर्व लगभग चार महीनों तक देश में पेट्रोल-डीजल रसोई गैस के दाम स्थिर रहे। लेकिन चुनावी परिणाम आते ही भाजपा सरकारों ने मदमस्त हाथी की तरह आम जनता को महंगाई से कुचलना शुरू कर दिया है।

उन्होंने ने कहा कि लगातार बढ़ रही कीमतें रुकने का नाम नहीं ले रही। पेट्रोल-डीजल फिर सौ के पार जा रहा और रसोई गैस एक हज़ार का आकड़ा छू रही है। खाद्य तेल ,अनाज व दालों की कीमतें भी आसमान पर हैं और आम नागरिक के घर दो समय चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।