गोपेश्वर, 29 मार्च (हि.स.)। एनीडेस्क एप डाउनलोड करवाकर चमोली जिले के एक युवक के खाते से एक लाख पचास हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग को चमोली पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
चमोली जिले के लामबगड़ में जेपी कंपनी में कार्यरत सुभाष चंद्र नौटियाल ने गोविंदघाट थाने में एक रिपोर्ट 11 नवम्बर 2021 को दर्ज करवायी थी कि एसबीआई में उसका खाता है। वह एसबीआई के योनो एप की जानकारी के लिए कस्टमर केयर का नम्बर गूगल पर सर्च कर रहा था तो उसकी एक फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी से बात हुई जिसने उसे एनीडेस्क डाउन लोड करने को कहा गया। इसके बाद उसने एनीडेस्क डाउन लोड करने के कुछ समय बाद ही उसके खाते से डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना गोविन्दघाट में मामला पंजीकृत कर लिया गया। टेक्निकल टीम के प्रयास के बाद पुलिस को पता चला कि जिस खाते को धोखाधड़ी के लिए प्रयुक्त किया गया वह मध्य प्रदेश के मंडला जिले का है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम को मंडला मध्यप्रदेश रवाना किया गया। इस खाताधारक राजकुमार निवासी- घुरनेर, जिला-मण्डला मध्यप्रदेश को थाना मंडला बुलाया गया। जहां अभियुक्त राजकुमार ने पूछताछ में उसने बताया कि बैंक खाता उसी का है और वह भोले भाले लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी कर जो पैसे कमाता था, उससे उसे कमीशन मिलता है। खाते में जो मोबाइल नम्बर दर्ज है, वह उसके दोस्त फिरोज अंसारी का है जो झारखंड का रहने वाला है।
आरोपित को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर उत्तराखंड लाया गया। अभियुक्त राजकुमार से पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि योनो ऐप की जानकारी लेने के लिए संतोष चन्द ने जब कस्टमर केयर नंबर सर्च किया गया तो कस्टमर केयर अधिकारी की जगह अभियुक्त ने गूगल पर अपना नम्बर डाला था।