बलिया, 29 मार्च (हि.स.)। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के नवरतनपुर चट्टी के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मरने वालों में पिता-पुत्र भी हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना जताई है।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मिल्की मोहल्ला निवासी मनोज कुमार (35) राजभर अपने भतीजे रोहित (16) और अपने पुत्र आलोक (8) के साथ मोटरसाइकिल से अपनी रिश्तेदारी मटूरी जा रहा था। अभी वह नवरतनपुर चट्टी के समीप पहुंचा था कि बेल्थरारोड की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। सामने से हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र और भतीजे समेत मोटरसाइकिल के भी परखच्चे उड़ गए। उधर, घटना के बाद चालक, ट्रक को छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी और सीओ राजेश तिवारी भी पहुंचे थे।
सिकन्दरपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। वहीं, जैसे ही इस हादसे की खबर मृतकों के परिजनों को लगी दहाड़ मार कर रोने लगे। हादसे में लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही पीड़ितों को हर संभव मदद का निर्देश अधिकारियों का दिया है।