इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत से खुश ब्रैथवेट ने की टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ

Share

सेंट जॉर्ज, 28 मार्च (हि.स.)। इंग्लैंड के खिलाफ यहां तीसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से मिली जीत पर खुशी जताते हुए वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने अपनी टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से अपना नाम कर ली है। श्रृंखला के पहले दो टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए थे।

मैच के बाद क्रेग ब्रैथवेट ने कहा, “मैं शानदार महसूस कर रहा हूं। ग्रेनेडा स्टेडियम में यहां आने के लिए प्रशंसकों का धन्यवाद, यह बहुत ही सुखद है। पिछले दो साल से टीम ने काफी मेहनत की है और यह जीत टीम के सामूहिक प्रयास की बदौलत मिली है। मुझे अपने सभी साथियों की सराहना करनी चाहिए। पहले टेस्ट में बोनर और जेसन, अगले टेस्ट में ब्लैकवुड और फिर रोच सभी ने बेहतर किया।”

उन्होंने कहा,”सभी खिलाड़ियों का प्रयास उल्लेखनीय था। खासकर यह देखनेयोग्य था किकि जोशुआ ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ कैसे बल्लेबाजी की, उन्होंने अच्छा खेला। जब आपके पास होल्डर और रोच जैसे खिलाड़ी हों तो फिर क्या कहने, मुझे लगता है कि हमने इस श्रृंखला से बहुत कुछ सीखा है। यह वास्तव में एक उल्लेखनीय दिन है, हमें अपने ऐसे प्रदर्शन को जारी रखने की जरूरत है।”

इस मैच में इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 204 रनों पर सिमट गई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 297 रन बनाए और 93 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में जोशुआ डी सिल्वा ने बेहतरीन शतकीय पारी खेलते हुए नाबाद 100 रन बनाए।

इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में महज 120 रनों पर सिमट गई और वेस्टइंडीज को जीत के लिए 28 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे वेस्टइंडीज की टीम ने 4.5 ओवरों में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।