साउथ फिल्मों के सुपरस्टार राम चरण तेजा आज साउथ फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम है। 27 मार्च, 1985 को चेन्नई में जन्में रामचरण मशहूर अभिनेता चिरंजीवी के बेटे हैं। एक फ़िल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाले रामचरण ने पिता की तरह ही अभिनय को अपने करियर के रूप में चुना और 2007 में आई तेलुगु फिल्म चिरुथा से अपने फ़िल्मी करियर की शरुआत की। इस फिल्म में राम चरण के साथ अभिनेता आशीष विद्यार्थी, प्रकाश राज और नेहा शर्मा भी मुख्य भूमिका में थी।
अमिताभ स्टारर 70 के दशक की फिल्म ‘जंजीर’ के रीमेक से प्रियंका चोपड़ा के साथ लीड भूमिका में राम चरण ने बॉलीवुड में एंट्री की थी। साल 2013 में रिलीज हुई यह कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई, जिसके बाद राम चरण ने फिर से साउथ फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया और साउथ की फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता ।
राम चरण की प्रमुख फिल्मों में ऑरेंज, नायक, ब्रुसली द फाइटर, ध्रुवा आदि शामिल हैं। हाल ही में उनकी फिल्म आरआरआर रिलीज हुई है, जिसमें उनके अभिनय की हर कोई सराहना कर रहा है। एसएस राजमौली निर्देशित इस फिल्म में राम चरण के साथ जूनियर एनटीआर, अजय देवगन और आलिया भट्ट भी है।फिल्मों में अभिनय के अलावा राम चरण ने दो तमिल फिल्में प्रोड्यूस की हैं और एक तमिल फिल्म ‘तूफान’ के लिए गाना भी गाया है।
राम चरण की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 14 जून 2012 में अपोलो हॉस्पिटैलिटी के मालिक की बेटी उपासना से शादी की। उपासना खुद भी अपोलो चैरिटी की वाइस चेयरमैन और बी पॉजिटिव मैगजीन की चीफ एडिटर हैं। राम चरण ने फिल्मों के अलावा बिजनेस में भी बखूबी अपने पैर जमाए हैं। राम चरण दक्षिण भारत के एक टीवी चैनल मां टीवी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में शामिल हैं। उनकी अपनी एक पोलो टीम ‘राम चरण हैदराबाद पोलो राइडिंग क्लब’ है। इसके साथ ही वह ट्रूजेट नामक कंपनी के मालिक के रूप में एयरलाइन बिजनेस में भी हैं।
राम चरण सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं और आज उनके चाहनेवालों की संख्या लाखों में है। वर्कफ़्रंट की बात करें तो रामचरण जल्द ही तेलुगु फिल्म आचार्य में अपने पिता चिरंजीवी के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। इस फिल्म में राम चरण के साथ अभिनेत्री पूजा हेगड़े और काजल अग्रवाल भी लीड रोल में होगी। इसके अलावा रामचरण फिल्म आरसी 15 में अभिनेत्री कियारा आडवाणी के साथ लीड रोल में नजर आएंगे।