भदोही : अराजकतत्वों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी, कांग्रेस का प्रदर्शन

Share

– पुलिस ने अराजकतत्वों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

भदोही, 26 मार्च (हि.स.)। जनपद के इंदिरा मिल चौराहे पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने तोड़ डाला। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा स्थल पर धरने पर बैठे गए। मामले की खबर लगते ही जिला प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरु कर दी।

अत्यधिक व्यस्त इंदिरा मिल चौराहे पर यह प्रतिमा स्थापित है। अराजकतत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के कान और आंख एवं चश्मे को नुकसान पंहुचाया गया है, जबकि वसीम यहां के रहने वाले वसीम अंसारी का आरोप है कि पूरी प्रतिमा उखड़ कर नीचे गिरा दी गयी है। पुलिस उसे अपने कब्जे में ले लिया है।

घटना के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं में रोष उत्पन्न हो गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद राजन दुबे के नेतृत्व में प्रतिमा स्थल पर भारी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिक शक्तियां एक बार फिर सक्रिय होकर गांधी की विचारधारा को मिटाने की साजिश रच रही है। लेकिन कांग्रेस कभी इसको मुमकिन नहीं होने देगी। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाकर गांधी की विचारधारा को नष्ट नहीं किया जा सकता है। जातिवादी और सांप्रदायिक शक्तियां समाज के ताने-बाने को तोड़ना चाहती है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेतृत्व में बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक नई प्रतिमा स्थापित नहीं की जाती है वह धरने से नहीं हटेंगे।

इसके पूर्व भी अराजकतत्वों द्वारा गांधी प्रतिमा चबूतरे को क्षति पहुंचाई गई थी। दूसरी बार इस तरह की घटना है जब प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है। इंदिरा मिल चौराहा अत्यधिक व्यस्त होने के बाद भी गांधी प्रतिमा को अराजक तत्व प्रतिमा को निशाना बनाते हैं।

क्षेत्राधिकारी से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई मामला हमारे संज्ञान में नहीं है। जबकि कोतवाल गगनराज सिंह ने कहा कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाई गयी है। इस मामले में मुकदमा लिखा जा रहा है। पुलिस मुकदमा लिखने के बाद आवश्यक कार्रवाई करेगी।