विद्युत विभाग के 3.32 करोड़ का बिल न चुकाने से नैनीताल की स्ट्रीट लाइटें ठप्प

Share

-नगर पालिका की बिल चुकाने की जगह कार्यालय में तालाबंदी की धमकी

नैनीताल, 26 मार्च (हि.स.)। सरोवर नगरी में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के करीब आते पथ प्रकाश व्यवस्था ठप्प हो गई है। इससे रात्रि में नगर के सभी मार्गों पर अंधेरा छा गया है विद्युत विभाग ने नगर पालिका के पथ प्रकाश व्यवस्था के 3.32 करोड़ रुपये के विद्युत बिल शेष होने के कारण नगर पालिका द्वारा 17 स्थानों से संचालित स्ट्रीट लाइटों के विद्युत संयोजन काट दिए हैं।

इस पर पहले ही शासन से पूरी धनराशि मिलने के बावजूद बुरी आर्थिक स्थिति से गुजर रही और अपने कर्मियों को वेतन व मानदेय ही न दे पा रही नगर पालिका एक और समस्या में फंस गई है। अलबत्ता बहाना बनाया जा रहा है कि विद्युत विभाग का कार्यालय नगर पालिका के भवन में है, और नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत विद्युत विभाग के 41 स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगे हैं। इनका 1997 से विद्युत विभाग द्वारा नगर पालिका को करीब 20 लाख 99 हजार 375 रुपये बिल नहीं दिया गया है। नगर पालिका के अध्यक्ष सचिन नेगी की ओर से कहा गया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर विद्युत विभाग यह धनराशि नहीं चुकाता है तो विद्युत विभाग के कार्यालय में नगर पालिका की ओर से ताले डाल दिए जाएंगे।

जबकि दूसरी ओर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता हारून रशीद का कहना है कि नगर पालिका की ओर से इस धनराशि का कोई बिल या पत्र या नोटिस उन्हें प्राप्त ही नहीं हुआ है। यानी एक ओर नगर पालिका अपने बिल ही नहीं दे पा रही है, और न दूसरे विभागों को बिलों का भुगतान ही कर पा रही है।