अनूपपुर: पेट्रोल भरवाने के बाद चाकू मारकर कर्मचारी को लूटा, फायरिंग कर भाग निकले बदमाश

Share

अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बकेली के ग्राम कोदैली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में संचालित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर लूट की घटना हुई। गुरुवार रात्रि लगभग 11 बजे बाइक सवार चार युवक बंदूक और चाकू लेकर पंप में पहुंचे, जहां पेट्रोल भरवाकर अकेले कर्मचारी से पैसे लूटने का प्रयास किया गया और पैसे नहीं देने पर चाकू से हमला किया गया। चाकू मारने के बाद पैसों की लूट की गई और बदमाश फरार हो गए। इसके बाद घायल कर्मचारी ने अपने मालिक को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद संचालक ने तत्काल घटनास्थल पहुंच कर इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल कर्मचारी को जिला चिकित्सालय लाया गया।

घटनास्थल पर हुई हवाई फायरिंग

बदमाशों के हमले से घायल प्रकाश यादव पुत्र मोहन यादव ने बताया कि चारों बदमाश दो बाइक में रात्रि लगभग 11 बजे पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने आए थे। युवकों ने बाइकों में पेट्रोल फुल करवाया। उनके द्वारा 2 हजार रुपये के दो नोट होने की बात कही। उसी समय दो युवकों ने प्रकाश के सिर एवं कमर में बंदूक तान दिए और तीसरे युवक ने प्रकाश को पकड़ लिया। जब प्रकाश के जेब से पैसे निकालने लगे तो प्रकाश ने इसका विरोध किया, तभी चौथे युवक ने चाकू निकालकर प्रकाश के पैर के ऊपरी हिस्से जांघ पर वार कर दिए एवं पैसे लेकर भाग गए। पूरी घटना की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज में हाईवे में पहुंचकर युवकों ने हवाई फायरिंग करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

रात्रि में घटना स्थल पहुंचे पुलिस अधीक्षक

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अधीक्षक अखिल पटेल सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी कीर्ति बघेल, कोतवाली प्रभारी अमर वर्मा तत्काल स्थल पहुंचे, जहां स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक तत्काल दल-बल को निर्देशित कर वैज्ञानिक विधि से जांच के निर्देश दे दिए। इस दौरान दो दर्जन पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक अधीक्षक अखिल पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे जोन की पुलिस अरापितों को पकड़ने में लगी है।