इंदौरः हत्या के मामले में संलिप्त आरोपितों के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Share

– एक करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये बाजार मूल्य के अवैध निर्माण किए गए ध्वस्त

– ग्राम अंबाचंदन में वर्मा इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम से आरोपितों के 5.3 हेक्टर के कुल 9 प्लॉटों के क्रय पर लगी रोक

इंदौर, 25 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विगत दिवस कानून हाथ में लेने वाले एवं अनैतिक कार्यों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध संपत्तियों को नेस्तनाबूद किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी तारतम्य में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई के तहत गत दिवस पिगडंबर के निकट गुर्जर खेड़ा क्षेत्र में हत्या के मामले में आरोपितों के अवैध निर्माण के रिमूव्हल की कार्रवाई की गई थी। प्रशासन द्वारा शुक्रवार को भी आरोपितों के अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आरोपितों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

एसडीएम अक्षत जैन ने बताया कि शुक्रवार को आरोपित मन्नु एवं अंकित द्वारा अवैध रूप से निर्मित मकानों की रिमूव्हल की कार्रवाई की गई। इसी तरह आरोपित राकेश डॉन एवं सहयोगियों द्वारा अवैध व्यवसायिक प्रयोजन हेतु संचालित की जा रही दुकाने तथा आरोपित द्वारा निर्मित किये गये अवैध मकानों को तोड़ा गया। इस तरह कुल एक करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये के बाजार मूल्य के दस हजार हेक्टेयर के अवैध निर्माणों के रिमूव्हल की कार्रवाई की गई।

एसडीएम जैन ने बताया कि आरोपितों के अवैध निर्माणों की जांच के दौरान आरोपित लोकेश वर्मा तथा निलेश वर्मा एवं उसके सहयोगियों द्वारा वर्मा इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम से ग्राम अंबाचंदन में 5.3 हेक्टर के कुल 9 प्लॉट पाए गए। जांच की कार्रवाई संपन्न होने तक उक्त सभी प्लांटों के क्रय एवं हस्तांतरण पर प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों के अन्य अवैध निर्माण एवं व्यवसायों की जांच भी लगातार जारी है।

कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जिले में अपराधियों के कुत्सित इरादों को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे ना केवल हत्या के मामले में दोषी आरोपितों को सजा मिलेगी बल्कि अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अन्य आरोपियों के मन में भी भय उत्पन्न होगा।