शोध का उद्देश्य हो मानव कल्याणः आदेश चौहान

Share

हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में भौतिकी विभाग एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वाधान में शोध प्रविधि एवं प्रकाशन नैतिकता पर छह दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शोधकर्ताओं के मध्य शोध की आधुनिकतम प्रविधियों एवं शोध प्रकाशन से जुड़े नैतिकता मानकों के ज्ञान संवर्द्धन करना है। उत्तराखण्ड विज्ञान शिक्षा एवं शोध केंद्र द्वारा प्रायोजित कार्यशाला में देश भर से एक सौ से अधिक शोध अध्येता एवं शिक्षक भाग ले रहे हैं।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शोध का उद्देश्य मानव एवं राष्ट्र कल्याण होना चाहिए। शोध को कभी आधा समाधान प्रस्तुत नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अतीत में भारतीयों की वैज्ञानिक जीवन शैली थी जिसके कारण हम अपनी समस्याओं के समाधान करने में भी समर्थ थे। उन्होंने कहा कि शोध को शोध ग्रन्थों एवं प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रखना चाहिए। शोध को आम जनमानस तक ले जाना होगा।

विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. डीपी त्रिपाठी ने कहा कि अतीत में भारत ने शोध के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व किया है। वर्तमान में भारतीय अनुसंधान को विश्वपटल पर लाना होगा।

सत्र की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल कांगडी के कुलपति प्रो. रूप किशोर शास्त्री ने कहा कि शोध का उद्देश्य लोक कल्याण का होना चाहिए।