हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। कनखल क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां लक्सर से हरिद्वार की ओर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे बिजली पोल से जा टकराई। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोग बाल-बाल बच गए।
लक्सर-कनखल रोड हरिद्वार की सर्वाधिक व्यस्ततम रोड में से एक है। इस रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली और डंपर की सबसे ज्यादा आवाजाही रहती है। यहां शुक्रवार दोपहर को लक्सर की ओर से एक ट्रैक्टर ट्रॉली टाइल्स लेकर ज्वालापुर जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर देश रक्षक तिराहे पास पहुंचा तो अचानक ट्रैक्टर का अगला पहिया फट गया। इससे ट्रैक्टर में अत्यधिक भार होने के कारण वह अनियंत्रित हो गया और पहले सड़क के डिवाइडर और फिर बिजली पोल से टकरा गया। इस दौरान सड़क पर काफी भीड़ थी, लेकिन गनीमत रही की कोई अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में नहीं आया।