हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा हरिद्वार के पावन धाम में 23 से 28 मार्च तक लड़कियों का छह दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालय से 155 प्रोफेसर, प्रवक्ता एवं विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
शिविर के तीसरे दिन शुक्रवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी हरियाणा के अवार्ड सब कमेटी के चेयरमैन शिव प्रसाद शर्मा ने प्रतिभागियों को मानवता के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश देते हुए कहा कि हमें कठिन से कठिन परिस्थिति में अपने कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी से दूर नहीं भागना चाहिए। शर्मा ने कहा कि रेड क्रॉस एक ऐसी महान संस्था है जो मानवीय कार्यों में अपनी अहम भूमिका अदा करती है।
शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने रक्तदान विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान जीवन का महान दान है। व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन को खुशी में बदल सकता है। प्रातः कालीन सभा में प्रतिभागियों को रेड क्रॉस ध्वजारोहण, योगा व मेडिटेशन की गतिविधियों के साथ-साथ शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने स्वास्थ्य, सेवा और मित्रता का संदेश भी दिया।
रिसोर्स पर्सन एवं काउंसलर प्राध्यापक राजा सिंह झींजर ने कहा कि हमें घर एवं परिवार में बीमार एवं बुजुर्ग लोगों को किसी प्रकार की कमी का आभास नहीं होने देना चाहिए। रिसोर्स पर्सन राजेंद्र सैनी ने नशीले पदार्थों के सेवन को सामाजिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि आज के युवा शक्ति को जागरूक किए जाने की आवश्यकता है। दोपहर को प्रतिभागियों ने नगली बेला आश्रम से हरकी पैड़ी तक स्वच्छता रैली भी निकाली।