– इसी सप्ताह में 174 पात्र महिलाओं के पोर्टल पर भरवाए गये हैं फार्म
– मातृ वंदना सप्ताह का 27 मार्च को होगा समापन
मुरादाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत चलाए जा रहे मातृ वंदना सप्ताह के अंतर्गत अभी तक 327 महिलाओं का नवीन पंजीकरण हो चुका है। इसके अलावा विभाग की ओर से सभी पात्र महिलाओं को योजना का पूरा लाभ देने की कोशिश विभाग की ओर से की जा रही है। 21 मार्च से शुरू हुए इस सप्ताह का समापन 27 मार्च को होगा।
गुरुवार शाम को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ दीपक वर्मा ने बताया कि इसी सप्ताह में 327 नवीन पंजीकरण हुए हैं। इस आंकड़े को अभी और बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग की तरफ से अधिक से अधिक संख्या में नए पंजीकरण कराने की कोशिश करने के साथ ही पुराने पंजीकरण में पात्र महिलाओं के आगे आ रही समस्याओं के समाधान का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। इसी सप्ताह में 174 महिलाओं को योजना के तहत दी जाने वाली तीसरी किश्त के लिए फार्म पोर्टल पर भरवाए गए हैं। जिसकी रकम समय से महिलाओं के खाते में पहुंचा दी जाएगी।
योजना की जिला कार्यक्रम समन्वयक दीप्ति यादव ने बताया कि उन्हें इस महीने में 1386 नवीन पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य के सापेक्ष में उन्होंने 999 नवीन पंजीकरण करा लिए है। जबकि इसी सप्ताह में 327 नवीन पंजीकरण करा दिए हैं। इसके अलावा 256 पात्र महिलाओं की समस्या का भी समाधान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी महिला को योजना का लाभ उठाने में कोई समस्या आ रही है तो वह टोल फ्री नंबर 7998709804 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। इसके अलावा अपने क्षेत्र की आशा या एएनएम की मदद से भी योजना का लाभ उठा सकती है।
कोई भी महिला नवीन पंजीकरण कराना चाहती है तो वह शिविर में आते समय अपने साथ मां व शिशु का टीकाकरण कार्ड, महिला व पति का आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, महिला के खाते की डिटेल और बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। वहां से महिला की पूरी मदद की जाएगी।
फ्रॉड कॉल से रहें सावधान
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम पर कॉल करके अगर कोई आपसे खाते की जानकारी मांगता है या मोबाइल पर आने वाले ओटीपी की डिटेल मांगता है तो इसे बिल्कुल भी न बताएं। विभाग को ऐसी भी शिकायतें मिली हैं, जिसमें फ्रॉड कॉल के जरिए पैसा निकालने की कोशिश की गई है। ऐसे में किसी को भी अपने खाते की जानकारी फोन पर न बताएं।