-कड़ी सुरक्षा के बीच रविदास घाट से क्रूज पर हुए सवार
वाराणसी, 24 मार्च (हि.स.)। पांच दिनों के लिए काशी प्रवास पर आये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत गुरुवार की शाम दशाश्वमेधघाट पर विश्व प्रसिद्ध सायंकालीन गंगा आरती में शामिल हुए। कड़ी सुरक्षा बीच के बीच संघ प्रमुख रविदासघाट से काशी प्रांत प्रचारक और अन्य प्रचारकों के साथ लक्जरी विवेकानंद क्रूज से घाट पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कारणों से क्रूज के छत पर बैठकर गंगा आरती देखी। गंगा आरती के बाद संघ प्रमुख डॉ भागवत काशी विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन के बाद विश्वनाथ धाम में भ्रमण भी करेंगे।
बताते चले, डॉ मोहन भागवत 25 मार्च को सुबह से शाम तक काशी प्रांत में विविध क्षेत्रों में कार्य करने वाले संघ के प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे। 26 मार्च को प्रांत के संगठन श्रेणी (बौद्धिक शिक्षण प्रमुख, प्रांत व्यवस्था प्रमुख व उनके सहयोगियों) के साथ बैठक होगी। दोपहर बाद जागरण श्रेणी (प्रांत संपर्क प्रमुख, प्रांत सेवा प्रमुख, प्रांत प्रचार प्रमुख व सहयोगियों) और प्रांत टोली के अंतर्गत कार्यवाह और प्रचारक व उनके सहयोगियों के साथ होंगे।
काशी प्रवास के अंतिम दिन 27 को शाम छह से रात 8.30 बजे तक सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित कुटुम्ब स्नेह मिलन समारोह में शामिल होंगे। इसमें सपरिवार शामिल काशी महानगर में रहने वाले नगर स्तर पर्यंत सभी प्रवासी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। संघ प्रमुख 27 मार्च की रात ही लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।