अनूपपुर: बिलासपुर से गांजा ला रहे तस्कर पुलिस को देखते ही भागे, एक पकड़ाया

Share

180 किलो गांजा जब्त किया

अनूपपुर, 24 मार्च (हि.स.)। कोतमा थाना अंतर्गत ग्राम ठोडहा बसखली से कोतमा के रास्ते बिक्री के लिए ले जाए जा रहे चार पहिया वाहन से पुलिस ने गुरुवार को 180 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने आरोपित राम प्रसाद यादव उर्फ मोहन यादव (30) पुत्र दसुआ यादव निवासी ताराडांड़ को हिरासत में लिया है। मामले में लिप्त अन्य तीन आरोपित मौके से भागने में सफल रहे। गांजा की तस्करी करने वाले आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 20 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम ठोडहा बसखली की तरफ से आने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर पुलिस ने एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। जिसके बाद कार में बैठे चार व्यक्ति पुलिस को देख कर अलग-अलग दिशा में भागने लगे। जिस पर एक व्यक्ति को पुलिस ने धर दबोचा, वहीं अन्य तीन व्यक्ति मौके से फरार हो गए। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में 175 नग पैकेट में अवैध गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया। गांजे का कुल वजन 180 किलो बताया गया।

छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा था गांजा

पकड़े गए आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उड़ीसा से बिलासपुर तक चार पहिया वाहन में गांजा लोड कर लाया था। गांजा राजेश साहू एवं विश्वनाथ सिंह राठौर का है। जिसे बिलासपुर से अनूपपुर तक लाने के लिए उसे बिलासपुर बुलाया गया था। बिलासपुर से चार पहिया वाहन में राम प्रसाद उर्फ मोहन यादव, विश्वनाथ सिंह राठौर, राजेश यादव एवं मैकू यादव सवार थे।