देहरादून, 24 मार्च (हि.स.)। विधानसभा गठित होने और निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्री बनाए जाने पर अगले विधानसभा अध्यक्ष की कसरत प्रारंभ हो गई है। इस संदर्भ में कई नामों पर चर्चा हो रही थी लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान यह स्पष्ट कर दिया कि ऋतु खंडूरी भूषण ही अगली विधानसभा अध्यक्ष होंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आधी आबादी को बढ़ाने का काम करती है तथा संगठन व सरकार दोनों में महिलाओं को समुचित भागीदारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को उत्तराखंड को पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष मिलने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार 26 मार्च को ऋतु खंडूरी भूषण शाम चार बजे विधानसभा अध्यक्ष के लिए अपना नामांकन करेंगी।