उन्नाव, 24 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा की व्यवस्थाओं का श्याम कुमारी सेठ बालिका इंटर कॉलेज, डॉक्टर जी नाथ जी इंटर कॉलेज, राजा शंकर सहाय इंटर कॉलेज में संचालित परीक्षा का कक्षवार भ्रमण कर जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने उक्त विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक को देखा, उन्होंने संबंधित प्रधानाचार्यो को निर्देश दिए कि परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न कराना है। इसको देखते हुए सीसीटीवी कैमरे पूर्णतया संचालित रहें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक विद्यालय में स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा पर पूरी नजर रहेगी सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान डॉक्टर जी नाथ जी कॉलेज में स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित नहीं मिले, जिस पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, संबंधित प्रधानाचार्य सहित संबंधित मौजूद रहे।