फ़तेहपुर, 17 मार्च (हि.स.)। यूपी जिले में गुरुवार को पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग किसान गम्भीर रूप से झुलस गया। यह देख परिजन घायल को आनन फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के महोई गांव निवासी राधेश्याम साहू (60) खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। आज सुबह करीब साढ़े दस बजे खेतों से घर वापस आकर गर्मी का एहसास हुआ तो कमरे में आराम करने गये। कमरे में अपने टेबल पंखे का प्लग बोर्ड में लगा रहे थे। अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद परिजन छुड़ाने का प्रयास करने लगे। जब तक राधेश्याम को करेंट से छुड़ाया जाता तब तक वह करंट की चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गये। चिकित्सक ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। यह सुन परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि, मृतक अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रणवीर बहादुर सिंह ने बताया कि करंट लगने से बुजुर्ग की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।