लखनऊ,16 मार्च (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के चिकित्सकों ने जटिल आपरेशन के द्वारा एक मरीज के हाथ से एकदम अलग हो चुकी कलाई को जोड़कर मरीज को बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है।
लखनऊ के कैसरबाग निवासी फुरकान (58) का ट्रामा सेंटर केजीएमयू में 2 मार्च को बाएं हाथ की कलाई जो की बिल्डिंग कंप्रेसर के फटने से उसकी कलाई पूर्ण रूप से अलग हो गई थी। मरीज के परिजन कटे हुए हाथ के हिस्से को कपड़े में लपेटकर ट्रामा सेंटर ले गये।
आपात स्थिति में मरीज के कटे हुए हिस्से का परीक्षण किया गया। इसके तुरंत बाद मरीज को प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भेजा गया।
प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में मरीज की जांच कराई गई एवं तत्काल कटे हुए हिस्से को जोड़ने का निर्णय लिया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में जटिल आपरेशन द्वारा मरीज फुरकान के कटे हुए हाथ की कलाई को फिर से जोड़ दिया गया।
इस आपरेशन में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर बृजेश मिश्रा, सहायक आचार्य डॉ रवि कुमार, डॉक्टर नीलम चौहान, डॉ. किरण, डॉक्टर सौरभ महेंद्र और डॉक्टर प्राची का सहयोग रहा।
एनेस्थीसिया के डॉक्टर मनीष कुमार सिंह और उनकी टीम भी इस ऑपरेशन में शामिल रहीं। मरीज स्वस्थ है। मरीज को केजीएमयू से छुट्टी दे दी गयी है।