-परिषद की 36 सीटों के लिए नौ अप्रैल को होगा मतदान, 12 को मतगणना
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए बुधवार को 20 नामांकन पत्र दाखिल किये गये। छह पर्चे दाखिल हो चुके थे। इस तरह 36 सीटों के लिए अब तक 26 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने आज यहां बताया कि अब तक रामपुर-बरेली से एक, हरदोई से एक, खीरी से तीन, लखनऊ-उन्नाव से एक, प्रतापगढ़ से दो, सूल्तानपुर से एक, बाराबंकी से एक, बहराइच से एक, आजमगढ़-मऊ से एक, वाराणसी से तीन, प्रयागराज से दो, झांसी-जालौन-ललितपुर से एक, कानपुर-फतेहपुर से दो, इटावा फर्रूखाबाद से एक, आगरा-फिरोजाबाद से तीन, बुलंदशहर से एक और मेरठ-गाजियाबाद से एक नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
गौरतलब है कि उप्र विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की 36 सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव कराये जाने की प्रक्रिया चल रही है। 29 निर्वाचन क्षेत्रों की 30 सीटों के लिए अधिसूचना चार फरवरी को ही जारी हो गयी थी, जबकि छह सीटों के चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी हुई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रथम चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 19 मार्च को है। नामांकन पत्रों की जांच 21 मार्च को और नाम वापसी की अंतिम तिथि 23 मार्च है। वहीं दूसरे चरण की सीटों के लिए 22 मार्च तक पर्चे भरे जायेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 23 मार्च को और नाम वापसी की अंतिम तिथि 25 मार्च है। दोनों चरणों के लिए मतदान नौ अप्रैल को और मतगणना 12 अप्रैल को निर्धारित है।